जनता ही धनबल को हरा सकती है, वोट के अधिकार को खरीदना चाहती है BJP : CM

Spread the love

सिरमौर जिला के नाहन में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा जनता के वोट के अधिकार को खरीदना चाहती है। उन्होंने कहा कि आजादी के लंबे संघर्ष के बाद कांग्रेस पार्टी ने देशवासियों को वोट का अधिकार दिया, लेकिन अब भाजपा वोटों का सौदा करना चाहती है। इसलिए जन भावनाओं का सौदा करने वाली पार्टी को एक जून को सबक सिखाने का समय आ गया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की लड़ाई अब प्रदेश की जनता लड़ेगी, क्योंकि यह चुनाव भविष्य की राजनीति की दशा और दिशा तय करेंगे। केवल जनता ही धनबल को हरा सकती है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव साधारण चुनाव नहीं है। यह चुनाव ईमानदारी व बेईमानी, सत्य और असत्य तथा धर्म और अधर्म के बीच है। लेकिन अंत में जीत ईमानदारी और सत्य की होगी यह तय है।

उन्होंने कहा कि भाजपा जब वोट से सत्ता हासिल नहीं कर पाई, तो उसने नोटों के दम पर कुर्सी हथियाने का प्रयास किया और छह विधायकों को राजनीतिक मंडी में ख़रीदा।