खुद तो लैफ्टिनैंट बन गए अनुराग, युवाओं को अग्निवीर बनाकर उनका भविष्य कर दिया खराब : रायजादा

Spread the love

हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी सतपाल रायजादा ने रविवार को चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के धुसाड़ा में चुनाव प्रचार करते हुए नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। इस मौके पर स्थानीय विधायक के सुदर्शन सिंह बबलू भी उनके साथ मौजूद रहे। इस मौके पर कांग्रेस के प्रत्याशी ने कहा कि चुनाव प्रचार शानदार चल रहा है और भाजपा की जनविरोधी नीतियों को लेकर वह लगातार जनता के साथ संपर्क स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अग्निवीर जैसी योजना लाकर युवाओं के भविष्य को बर्बाद किया है जबकि इसके विपरीत कांग्रेस ने पिछले 14 महीने में युवाओं को रोजगार देने के साथ-साथ प्रदेश के विकास को भी नई बुलंदियों पर पहुंचा दिया है। हिमाचल प्रदेश के अनाथ बच्चों के पालन-पोषण से लेकर उनकी पढ़ाई तक का खर्चा प्रदेश सरकार ने उठाकर एक नया इतिहास रचा है। महिलाओं को प्रति महीने 1500 रुपए देने के साथ-साथ दूध के दाम भी बढ़ाए गए हैं। कांग्रेस की सरकार ने 10 में से 5 गारंटी पूरी करके जनता के विश्वास को जीता है।

रायजादा ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के विकास में अनुराग ठाकुर का कोई भी योगदान नहीं है। यहां तक कि जब आपदा आई तब अनुराग ठाकुर हिमाचल में पहुंचे ही नहीं। अनुराग ठाकुर जनता को गुमराह करते रहे कि हिमाचल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दूसरा घर है लेकिन जब यह घर उजड़ रहा था तो मोदी ने इस घर में रहने वाले लोगों की मदद के लिए क्या किया भाजपा यह भी नहीं बता पा रही। रायजादा ने कहा कि अनुराग ठाकुर खुद तो लैफ्टिनैंट बन गए लेकिन युवाओं को अग्निवीर बनाकर उनका भविष्य खराब कर दिया गया।