कांग्रेस सरकार के खिलाफ BJP ने खटखटाया उच्च न्यायालय का दरवाजा

Spread the love

भाजपा ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सरकार के अब तक लिए फैसलों को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। हाईकोर्ट में दायर याचिका में आरोप लगाया कि पूर्व कैबिनेट के फैसलों को प्रशासनिक आदेश से निरस्त नहीं किया जा सकता है। भाजपा ने चुनौती दी है कि जनहित में लिए गए फैसले अगर वापस न लिए गए तो सड़कों पर उतरकर विरोध किया जाएगा।  भाजपा उपाध्यक्ष संजीव कटवाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता के हित में संस्थान खोले थे, उन्हें बंद करना गलत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मंत्रिमंडल का गठन तक नहीं कर पाई, लेकिन जनता विरोधी फैसले लिए जा रहे है। कैबिनेट के फैसलों को कैबिनेट के निर्णय से ही निरस्त किया जा सकता है। बीजेपी कोर्ट में जनता के हक की लड़ाई लड़ेगी। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2 बड़े सीमेंट उद्योग बंद हो गए है लेकिन सरकार उन्हें खुलवाने में अभी तक नाकाम रही है। जनता के मुद्दों को दरकिनार कर जनता के हित में लिए गए फैसलों को बदला जा रहा है। सीमेंट उद्योग बंद होने से हजारों लोगों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। सरकार को जल्द अडानी से बात कर मामला सुलझाना चाहिए। वहीं सुन्नी में सतलुज बांध पर 382 मेगावाट के हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट को मंजूरी के लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मोदी हिमाचल को अपना दूसरा घर मानते है। इस प्रोजेक्ट की कुल लागत 2,615 करोड़ रुपए है और ये सतलुज नदी पर बनेगा। इससे रोजगार के नए मार्ग सृजित होंगे।