शिवालिक पब्लिक स्कूल, झाकड़ी के 15 वर्षीय होनहार छात्र अभिमन्यु ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत से एक अनोखी मोबाइल गेम ऐप “AI Nose Power” विकसित की है, जिसे कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी द्वारा लॉन्च किया गया। इस ऐप की विशेषता यह है कि यह नाक की मूवमेंट से नियंत्रित होती है, जो मनोरंजन के साथ-साथ शारीरिक रूप से सीमित लोगों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकती है।कम उम्र में पिता को खोने के बाद भी अभिमन्यु ने हार नहीं मानी और अपनी मेहनत और दृढ़ता से इस कठिनाई को अपनी प्रेरणा बना लिया। इस ऐप को विकसित करने के दौरान उन्हें कई तकनीकी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इन चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए उन्होंने हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध युवा तकनीकी विशेषज्ञ हर्षित का सहयोग लिया।हर्षित, जो 18 वर्ष की उम्र में “हिम टेस्ट” ऐप लॉन्च कर चुके हैं, ने अभिमन्यु के साथ मिलकर इस प्रोजेक्ट पर काम किया। दोनों ने कठिन परिश्रम से इस गेम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। यह गेम कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी द्वारा लॉन्च किया गया, जो इसे नवाचार और युवाओं की प्रतिभा का प्रतीक बनाता है।इस उपलब्धि ने अभिमन्यु और हर्षित दोनों को तकनीकी जगत में एक नई पहचान दिलाई है। उनकी इस सफलता ने न केवल उनके परिवार और स्कूल को गर्व का अनुभव कराया है, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणादायक मिसाल भी पेश की है। यह कहानी सिखाती है कि कठिन परिस्थितियों में भी यदि संकल्प और मेहनत का साथ हो तो सफलता निश्चित है।