कुल्लू में आग से तीन भाइयों का घर जलकर राख…बेघर हुआ परिवार

Spread the love

आनी उपमंडल की लफाली फाटी बुच्छैर पंचायत के रूमाली गांव में बीती रात एक दर्दनाक अग्निकांड में आठ कमरों का रिहायशी मकान जलकर राख हो गया। यह घटना रात 12:45 बजे हुई, जिसमें तीन भाइयों रामानंद, परमानंद, और मोतुराम का पूरा घर खाक हो गया।

लकड़ी से बना यह घर हाल ही में तैयार हुआ था, और बीते साल ही इसकी छत लगाई गई थी। परिवार मजदूरी कर अपना गुजर-बसर करता था और आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। अग्निकांड में घर का सारा सामान और मेहनत से बनाया गया आशियाना जलकर राख हो गया।घटना की सूचना मिलते ही आनी पुलिस के एएसआई अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां और दर्जनों कर्मचारी आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। हालांकि, आग इतनी भयानक थी कि घर को बचाया नहीं जा सका।

घटना की जानकारी मिलते ही सीटू संयोजक आनी पदम प्रभाकर, पंचायत उपप्रधान, और लफाली व लढागी के वार्ड पंच भी रात 1:35 बजे मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार की मदद का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तुरंत राहत और आर्थिक मदद प्रदान करने की मांग की है।

रामानंद, परमानंद और मोतुराम के परिवार के पास अब सिर छुपाने के लिए भी जगह नहीं बची है। ऐसे में स्थानीय प्रशासन और समाजसेवियों से मदद की अपील की जा रही है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को अस्थाई राहत उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।